फरीदाबाद। जिले में बृहस्पतिवार को वायु प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार दर्ज किया गया। बल्लभगढ़ का एक्यूआई 178 और फरीदाबाद का 117 रहा। इससे पहले बुधवार को बल्लभगढ़ का एक्यूआई 216 और फरीदाबाद का 123 दर्ज किया गया था। आंकड़ों के अनुसार दोनों क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर पिछले दिन के मुकाबले कम हुआ है, हालांकि बल्लभगढ़ की हवा अब भी फरीदाबाद की तुलना में अधिक प्रदूषित रही। जिले में प्रदूषण की निगरानी के लिए कुल पांच वायु गुणवत्ता मापक मशीनें लगी हैं, लेकिन इनमें से दो मशीनें बंद पड़ी हैं। ऐसे में जिले की हवा की स्थिति का सटीक आकलन करने में परेशानी हो रही है। मशीनों के बंद होने से प्रदूषण के आंकड़ों की निगरानी भी प्रभावित हो सकती है। एक्यूआई के 100 से ऊपर रहने का मतलब है कि हवा की गुणवत्ता पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। संवाद