फरीदाबाद। 878.23 करोड़ रुपये से औद्योगिक शहर की सूरत बदलने की तैयारी है। जिले में बुधवार को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की चौथी बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पानी, सीवर, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए स्वीकृति दी। इस राशि से शहर की परिवहन व्यवस्था भी सुधरेगी। इसके तहत शहर को 50 नई सीएनजी बसें मिलेंगी। 100 नई ई-बसों को देने का भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। वहीं, फरीदाबाद व पलवल जिले के विकास को लेकर यमुना क्षेत्र कंट्रोल एरिया (किसी भी तरह के निर्माण कार्य के लिए डीटीपी विभाग से अनुमति लेनी पड़ेगी) घोषित कर नया मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इस क्षेत्र में फरीदाबाद से जेवर तक एक्सप्रेसवे का निर्माण चल रहा है। बैठक में एफएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए श्रीनिवास की ओर से विकास का एजेंडा प्रस्तुत किया गया, जिसकी मुख्यमंत्री ने शहर के विकास के लिए स्वीकृति दे दी। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि एफएमडीए शहर के सभी बड़े प्रोजेक्ट पूरे करेगा, जबकि छोटे प्रोजेक्ट नगर निगम पूरे करेगा। संवाद