फरीदाबाद। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को काम के मुकाबले उचित मानदेय नहीं मिल रहा है। सेवानिवृत्ति लाभों से भी वंचित इन कर्मचारियों ने अब अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। तिगांव में बृहस्पतिवार को सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन से संबंधित यूनियनों (सीटू) की बैठक में एक दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले तीन दिवसीय महापड़ाव में सैकड़ों मजदूरों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के शामिल होने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर यूनियन की जिला प्रधान मालवती ने की। सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ फरीदाबाद से मजदूर दिल्ली कूच करेंगे। वहीं, यूनियन के जिला कोषाध्यक्ष नवल सिंह ने कहा कि केंद्रीय परियोजनाओं में काम करने वाले कर्मचारियों से अधिक काम लिया जाता है, लेकिन उन्हें न्यूनतम स्तर से भी कम वेतन मिलता है। संवाद