संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-9 और सेक्टर-10 की डिवाइडिंग रोड पर मंगलवार को निजी एंबुलेंस के चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मारी। इसके बाद स्कूटी सवार डिलीवरी बॉय को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में डिलीवरी बॉय नवनीत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-8 पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि हादसे में स्कूटी एंबुलेंस के नीचे फंस गई, जिससे नवनीत को कमर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को रुकवाया और घायल को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।