अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मवाई की भोपाल कॉलोनी में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की मीटिंग में पूर्व विधायक ललित नागर ने शिरकत करके लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने ललित नागर को बताया कि उनकी कॉलोनी की एक भी गली पक्की नहीं हुई। इन कच्ची गलियों में जलभराव रहता है, जिसके चलते मक्खी-मच्छर पनपते रहते हैं। कॉलोनी में पेयजल की खासी किल्लत है, लोगों को पीने का पानी खरीदना पड़ता है। कॉलोनी में बिजली तारों का जाल बिछा हुआ है, जिसके चलते कभी भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। पूर्व विधायक ललित नागर ने कहा कि भाजपा सरकार के नौ सालों में फरीदाबाद सहित पूरा हरियाणा विकास के मामले में कोसों पीछे छूट गया है। कागजों में विकास करने वाली भाजपा जमीनी स्तर पर पूरी तरह से असफल साबित हुई है। इस अवसर पर बालकिशन वशिष्ठ, कमल सिंह चंदेला, मनोज नागर, राजेश वशिष्ठ, आरएन झा, संदीप सिंह, कुमारपाल, कौशल चौधरी, सुरेंद्र यादव, नजर मोहम्मद, गंगाराम चौधरी आदि लोग मौजूद थे।