ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट की तरह मिलेंगी सुविधाएं
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य हुआ तेज
फुटओवर ब्रिज के लिए खड़े किए जा रहे पिलर्स
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के 286 करोड़ रुपये से हो रहे जीर्णोद्धार का काम तेज हुआ है। जहां नए भवन का निर्माण पूरा किया जा रहा है। वहीं प्लेटफार्म नंबर पांच पर फुटओवर ब्रिज बनाने के लिए पिलर्स खड़े किए जा रहे हैं। 30 माह में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्दी ही एयरपोर्ट की तर्ज पर आगमन, प्रस्थान के अलावा यात्री सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगीं।
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन स्मार्ट सिटी का सबसे पुराना स्टेशन है। यहां 60 से अधिक मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता है। रोजाना करीब 14 हजार यात्री आवागमन करते हैं। दिल्ली, मुंबई व दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेनों के सेक्शन का यह मुख्य रूट है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का शुभारंभ किया था। रेलवे स्टेशन में ग्रीन बिल्डिंग जैसी आधुनिक इंजीनियरिंग से स्टेशन के दोनों ओर भवन बनाए जाने हैं। यहां स्थानीय कला और संस्कृति को भी प्रदर्शित किया जाएगा। रेलवे स्टेशन के दोनों तरफ मल्टी लेवल कार पार्किंग भी बनेगी। वेटिंग रूम, फूड कोर्ट, शॉपिंग एरिया के अलावा दो 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज बनाए जाने हैं। नए स्टेशन परिसर को 40 साल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाना है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभी निर्माण कार्य की वजह से गांधी कॉलोनी की तरफ से दो पहिया व चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। स्टेशन परिसर में पैदल यात्रियों के लिए दो कॉरिडोर बनाए गए हैं। साथ ही, मल्टीलेवल पार्किंग का काम भी शुरू हो गया है।
मल्टीलेवल पार्किंग की 1000 गाड़ियों की क्षमता
साइट प्रभारी ने बताया कि गांधी कॉलोनी की तरफ बेसमेंट समेत 6 फ्लोर और नेशनल हाइवे की तरफ बेसमेंट समेत 4 फ्लोर की मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण चल रहा हैं। पार्किंग में 1000 वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा। स्टेशन की हाईवे और एनआईटी दोनों तरफ से कनेक्टिविटी होगी।
वर्जन
स्टेशन के जीर्णोद्धार का काम तेजी से जारी है। प्लेटफार्म नंबर 5 पर पिलर्स खड़े किए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्टेशन के दोनों तरफ नए भवन का काम चल रहा है।
- एके गोयल, स्टेशन अधीक्षक, ओल्ड फरीदाबाद