पीजी कोर्स में दाखिले आज से
फरीदाबाद। महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) संबद्ध जिले के पांच कॉलेजों में ओपन मेरिट के तर्ज पर सोमवार से पीजी कोर्स के दाखिले शुरू होंगे। दाखिले के लिए छात्रों को कॉलेज की दौड़ लगानी होगी। कॉलेजों में उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन कराना होगा। इसके बाद ही दाखिला कंफर्म होगा। यह दाखिले पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होंगे। पीजी कोर्स के लिए 24 से आवेदन शुरू होने के बाद निदेशालय स्तर पर मेरिट जारी कर पहले दौर के दाखिले पूरे किए जा चुके हैं। रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए कॉलेज स्तर से प्रक्रिया अपनाई जा रही है। 24 दिसंबर को पोर्टल आवेदनों के लिए फिर से खोला गया था। सोमवार से ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिले किए जाएंगे। हर दिन रिक्त सीटों की एवज में कॉलेज स्तर पर मेरिट जारी की जाएगी। नए आवेदकों के साथ पूर्व में दाखिले से वंचित छात्रों को दाखिले के लिए पहुंचना होगा। सेक्टर -6 ए स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एमके गुप्ता ने बताया कि पीजी कोर्स में ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिले 28 दिसंबर से शुरू होंगे। ब्यूरो