26 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय वाईएमसीए ने विदेशी छात्रों की श्रेणी में बीटेक (कंप्यूटर इंजीनियरिंग) में दाखिले के लिए 26 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) और खाड़ी देशों में भारतीय कामगारों के बच्चों की श्रेणी में विदेशी छात्र दूसरी काउंसलिंग में हिस्सा लेने के पात्र हैं।
विश्वविद्यालय में किसी भी पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाले विदेशी उम्मीदवारों को वैध स्टूडेंट वीजा या रिसर्च वीजा प्राप्त करना होगा और मूल दस्तावेज विश्वविद्यालय में प्रस्तुत करने होंगे, जिसके बिना दाखिला नहीं दिया जाएगा। विदेशी आवेदकों का दाखिला योग्यता परीक्षा की मेरिट के आधार पर किया जाएगा और इसके लिए अलग से कोई प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी पाठ्यक्रम, सीटों की संख्या, दाखिला मानदंड इत्यादि की जानकारी www.jcboseust.ac.in से प्राप्त कर सकते हैं।