- स्थानीय महिलाओं के विरोध के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला स्थित वेदराम कॉलोनी में रिहायशी इलाके के बीच अवैध रूप से चल रहे जे-स्टार होटल के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संचालक को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के लोगों ने होटल संचालन का विरोध करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पांच मई को बड़ी संख्या में महिलाएं होटल के बाहर धरने पर बैठ गईं और कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि यह क्षेत्र पूरी तरह आवासीय है, जहां व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति नहीं है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल की जांच की, जहां पांच जोड़े ठहरे हुए मिले। उनके पहचान पत्र सही पाए गए, लेकिन होटल मालिक सोनू दहिया वैध लाइसेंस और सीएलयू (भूमि उपयोग परिवर्तन) से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों की कमी और नियमों के उल्लंघन के चलते पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई में उप-निरीक्षक संजय और उनकी टीम शामिल रही।