फरीदाबाद। लोन दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने ठगों को बैंक खाता मुहैया कराने वाले मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गांव रामा निवासी प्रेम यादव को पकड़ा है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही दो भाइयों शुभ और शुभांश को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रेम ने इन दोनों के बैंक खाते ठगों को मुहैया करवाए थे। प्रेम, शुभांश के साथ बीबीए की पढ़ाई कर रहा था। ठगी के दो लाख रुपये दोनों भाइयों के बैंक खातों में प्राप्त हुए थे। पुलिस आरोपी से रिमांड के दौरान ठगी की रकम और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। संवाद