फरीदाबाद। मैट्रिमोनियल एप के जरिये दोस्ती कर 45 लाख रुपये ठगने के मामले में एक आरोपी को साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 23 साल का राज सहानिया दिल्ली के कल्याणपुरी खिचड़ीपुर का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि राज ने प्रशांत (खाताधारक) से खाता लेकर ठगों को दिया था। वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। राज पहले नोएडा में एक निजी कंपनी में कॉलर का काम करता था। खाताधारक प्रशांत भी उसी कंपनी में काम करता था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि राज को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। मामले में खाताधारक प्रशांत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ठगी की शिकायत सेक्टर-2 निवासी व्यक्ति ने दी थी। ब्यूरो