ठगी के 32 लाख रुपये आए थे खाते में
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सीबीआई अधिकारी बताकर गिरफ्तारी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच का भय दिखाकर वरिष्ठ नागरिक से 1.24 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने तीन जून को जयपुर से खाताधारक आरोपी अमित (59) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलरूप से रायपुर (राजस्थान) का रहने वाला है और वर्तमान में जयपुर के त्रिपोलिया बाजार क्षेत्र में रह रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में ठगी गई रकम में से करीब 32 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि अमित खाताधारक है और उसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया हुआ था। उसके खाते में ठगी की रकम में से लगभग 32 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। आरोपी कीमती पत्थरों के व्यापार से जुड़ा बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान साइबर ठगी गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और रकम के लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार सेक्टर-85 निवासी एक व्यक्ति ने मामले में शिकायत दी थी।