फरीदाबाद। इंस्टाग्राम पर सस्ता गिफ्ट दिलाने का झांसा देकर महिला से 37,944 रुपये हड़पने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने खाताधारक आरोपी हरीराम माली निवासी सवाई माधोपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, एनआईटी निवासी महिला ने छह सितंबर को इंस्टाग्राम पर गिफ्ट का विज्ञापन देखा था। लिंक पर क्लिक करते ही व्हाट्सएप चैट खुली, जहां ठगों ने गिफ्ट भेजने के नाम पर उससे 37,944 रुपये ऐंठ लिए गए। न तो गिफ्ट मिला और न ही रकम वापस हुई। प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी साइबर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि 10वीं पास और हस्तशिल्प का काम करने वाले आरोपी हरीराम ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को दिया था, जिसमें ठगी के 32 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। संवाद