फरीदाबाद। सेक्टर-15 स्थित दशहरा क्रिकेट मैदान पर शनिवार को खेले गए मुकाबले में एकेडमिक एवेंजर्स ने ब्रिगेड 11 को डकवर्थ लुईस नियम के तहत दो रन से हरा दिया। 15 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने आई एवेंजर्स ने आठ विकेट पर 138 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राहुल ने 52 और रोहित ने 30 रन बनाए। ब्रिगेड 11 के लिए मयंक शर्मा ने तीन विकेट लिए जबकि आरव को दो और कुणाल को एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्रिगेड 11 ने 7.3 ओवर में चार विकेट पर 79 रन बनाए थे और तभी बारिश आ गई। ऐसे में दो रन पीछे होने के कारण एवेंजर्स को डकवर्थ लुईस के तहत विजेता करार कर दिया गया। ब्रिगेड 11 की ओर से आरव ने 24 और अमन ने 15 रन बनाए। एवेंजर्स के लिए सार्थक ने दो और हर्ष ने एक विकेट लिया। संवाद