फरीदाबाद। बारामूला कश्मीर का बी-फॉर्मा की पढ़ाई कर रहा युवक साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार हुआ है। आरोपी फरासथ मकबूल ख्वाजा अब पंजाब फतेहगढ़ में रहकर बी-फॉर्मा की पढ़ाई करता है। पूछताछ में पता चला कि वो ठगी के आरोप में पहले गिरफ्तार हो चुके साहिद से रुपये लेकर यूएसडीटी में बदलकर आगे ठगों के पास भेजता है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क के बहाने 1.96 लाख रुपये की ठगी को लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-21 निवासी व्यक्ति ने दी थी। इनका कहना है कि इंस्टाग्राम पर मैसेज आया, जिसमें आरोपी ने खुद को वित्तीय सलाहकार बताया। बाद में शिकायतकर्ता को टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़कर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे के साथ रिफंड मिलने का लालच दिया गया। ब्यूरो