बल्लभगढ़। तिरखा कॉलोनी स्थित गली नंबर-1 में सुबह 3 बजे बर्तन की दुकान में अचानक आग लग गई। आग का पता तब चला, जब पहली मंजिल पर रहने वाले दुकान मालिक विकास बंसल के कमरों में धुआं भर गया। दुकान मालिक ने बताया कि उनकी बंसल बर्तन भंडार की दुकान घर के नीचे है। सुबह करीब 3 बजे अचानक दुकान के अंदर आग लगी। परिवार के लोग जाग गए और ग्रिल से नीचे झांककर देखा तो दुकान के अंदर से तेज धुआं निकल रहा था। घटना की सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी लगभग 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दुकान के अंदर रखे स्टील के बर्तन और अन्य सामान जलकर खाक हो चुके थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। संवाद