- सीसीटीवी में कैद वारदात, पुलिस जांच में जुटी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर आए शातिर चोर ने दुकानदार को चकमा देकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। जानकारी के अनुसार, योगेश ज्वेलर्स नामक दुकान में एक युवक सोने का ओम खरीदने के बहाने पहुंचा। दुकानदार योगेश ने जैसे ही उसे गहना दिखाया, आरोपी ने उन्हें बातों में उलझाने के लिए चांदी की पायल दिखाने की मांग कर दी। इसी दौरान मौका पाकर चोर ने दराज से सोने का ओम निकाल लिया और फरार हो गया। चोरी किए गए आभूषण की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु मित्र के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद