अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले 18 दिनों में 876 ठिकानों पर छापे मारकर 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 1 दिसंबर से शुरू किए गए इस अभियान के तहत अवैध नशा, हथियार, शराब, जुआ और संगीन अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान 122 मामले दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 देसी कट्टे, 4 पिस्टल, 8 कारतूस, 18 किलो 193 ग्राम गांजा, 18.4 ग्राम स्मैक, 1423 बोतल देसी शराब, 266 बोतल अंग्रेजी शराब और जुए के 20,720 रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा जुआ और सट्टा खाई के मामलों में भी कई आरोपियों को काबू किया गया। फरीदाबाद पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए सर्दी के मौसम में करीब 349 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए तथा स्लम क्षेत्रों में बच्चों को जूते-चप्पल भी बांटे।