फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के मामले लगातार कम हो रहे हैं। सोमवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से 27 नए संक्रमित मामलों की पुष्टि की गई। वहीं, बीते 24 घंटों में 82 लोग संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 48 घंटों में संक्रमण से पीड़ित किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। रिपोर्ट के अनुसार जिले में सक्रिय केसों की संख्या 403 है। इनमें से 236 अस्पताल में भर्ती हैं जबकि 167 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। विभिन्न अस्पतालों के आइसीयू में 126 संक्रमित ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 11 वेंटिलेटर पर हैं। सैंपल पाजिटिविटी रेट एक फीसदी रह गई है। रिकवरी रेट 98.9 फीसदी रह गई है। कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत के अनुसार जिले में सोमवार को 2884 सैंपल लिए गए। इनमें से 487 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। स्वास्थ्य विभाग अब तक 869203 सैंपल लिए जा रहे हैं।