वाहन चोरी करने वाले दो बदमाश काबू, 11 कारें बरामद
बल्लभगढ़। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 11 ईको कारें बरामद की हैं। इनमें से 10 कारें आरोपियों ने दिल्ली और एक फरीदाबाद से चोरी की थी। पुलिस ने बुधवार को दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव प्रभारी एसआई छत्रपाल ने बताया कि एक सूचना के आधार पर उनकी टीम ने बाटा चौक के पास से चोरी की कार बेचने की फिराक में घूम रहे फतेहपुर तगा निवासी नदीम और मारुति कुंज, गुरुग्राम निवासी विमल को धर दबोचा। पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि चोरी की कार बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छह कारें पालीवास रोड, गुरुग्राम स्थित विमल की वर्कशाप से और चार कार फतेहपुर तगा स्थित नदीम के मकान से बरामद की हैं। कार चोरी के बाद आरोपी विमल की वर्कशाप पर उसका इंजन व चेसिस नंबर के अलावा पेंट भी बदल देते थे। एसआई छतरपाल के अनुसार आरोपियों ने 10 कारें दिल्ली से और एक कार फरीदाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ब्यूरो