बाइक से आकर की रैकी फिर ले गए 10 कारों से बैट्री
बल्लभगढ़। सेक्टर-तीन रामलीला मैदान पार्किंग में खड़ी 10 कारों में से चोर बृहस्पतिवार रात बैट्री चुराकर ले गए। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात में पहले दो युवक मोटरसाइकिल पर आकर वहां रैकी करते हैं। उसके बाद वे अपने साथियों को बुलाकर कारों की बैट्रियां निकालते हैं और एक ईको कार में रखकर ले जाते हैं। सुबह लोगों को घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सेक्टर-तीन चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-तीन निवासी कमल खुराना ने बताया कि शनिवार सुबह जब वह उठकर घर से बाहर आए तो देखा कि सामने पार्किंग में खड़ी उनकी कार सहित दो कारों के बोनट खुले हुए हैं। इस पर उन्होंने पार्किंग में जाकर देखा तो कई कारों के भी बोनट खुले हुए थे और उनमें से बैट्रियां गायब थी। उन्होंने फोन कर बाकी लोगों को भी मौके पर बुलाया। कमल के अनुसार, पार्किंग में करीब 20 कारें खड़ी थीं, इनमें से 10 कारों में से बैट्री निकाली गई है। पास ही एक साइबर कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने पर तड़के करीब साढ़े चार बजे मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां आते दिखे हैं।
पार्किंग में रैकी करने के बाद दोनों वहीं एक और दुकान के शेड में जाकर खड़े हो जाते हैं। इसके थोड़ी देर बाद एक ईको गाड़ी आती है और चोर कारों में से बैट्री निकाल उस गाड़ी में रखकर ले जाते हैं। कमल खुराना के अनुसार चोरों ने उनकी कार के अलावा अमन सोनी, सिद्घार्थ घोष, अंकुश गुप्ता, तरुण शर्मा, सुशील कुमार सहित 10 लोगों की कारों में से बैट्रियां चुराई हैं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची तीन नंबर चौकी पुलिस ने मौका मुआयना किया और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी चेक की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश कर रही है।