- आम दिनों में औसतन 30 लोग खरीदते हैं गंगाजल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गंगाजल के लिए अब लोगों को हरिद्वार जाने की आवश्यकता नहीं है। डाक विभाग मात्र 30 रुपये में लोगों को गंगाजल उपलब्ध करा रहा है। गंगाजल के लिए डाक विभाग या नजदीकी शाखा से संपर्क कर सकते हैं। 10 दिनों में करीब 80 बोतल खरीदी जा चुकी है। आगामी दिनों में इसके लिए स्टॉल भी लगाई जाएगी।
सावन में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए या फिर घर में सत्यनारायण की कथा सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान में गंगाजल की आवश्यकता होती है। इसके लिए अब लोगों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। घर बैठे आप भी शुद्ध गंगाजल प्राप्त कर सकते हैं।
कोरोना काल में कांवड़ यात्रा रद्द कर दी गई थी, डाकघर पर भक्तों के लिए गंगाजल की सुविधा दी गई। साल 2020-21 में 800 से ज्यादा बोतलें लोगों ने खरीदी थी। डाक विभाग ने कुछ वर्षों से गंगाजल वितरण की विशेष योजना शुरू की है। योजना के तहत 250 एमएल की शीशी में गंगा जल को बिक्री के लिए प्रधान डाकघरों में उपलब्ध कराया गया। इसकी कीमत 30 रुपये प्रति शीशी निर्धारित है। आम दिनों में लगभग 25-30 बोतलों की बिक्री होती है, सावन में बिक्री बढ़ जाती है। सोमवार को अंबाला से गंगाजल की बोतल मंगाने के लिए डिमांड भेजी गई है।