‘नियमित रक्तदाताओं को नहीं पड़ती रक्त की जरूरत’
फरीदाबाद। ‘जो व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान करता है, उसे जीवन में कभी रक्त की आवश्यकता नहीं पड़ती। ऐसे लोग हमेशा स्वस्थ रहते हैं। नियमित रक्तदाताओं के कारण ही फरीदाबाद रक्तदान के क्षेत्र में आगे रहा है।’ ये बातें रेडक्रॉस के सचिव रामकरण ने कहीं। वह तिगांव स्थित राजकीय महाविद्यालय में रोटरी क्लब फरीदाबाद ईस्ट और रेडक्रॉस द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में आए थे। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान शिविर में राजकीय महाविद्यालय की प्रधानाचार्या संध्या प्रदीप, रोटरी क्लब फरीदाबाद ईस्ट के प्रधान विनायक गुलाटी, पूर्व प्रधान तरुण गुप्ता रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाने हेतु विशेष रूप से उपस्थित थे। इस शिविर में कुल 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। सभी रक्तदाताओं को रोटरी की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। शिविर में महाविद्यालय की यूथ रेडक्रॉस की प्रभारी कामायनी, संध्या सूद, डॉ. घनश्याम, रिचा, लीना शर्मा, चित्र गर्ग, डॉ. अनिल कुमार ओझा, डॉ. शशि कुमार, दीप्ति कालरा, अनीता और नीलम के साथ ही नशा मुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर जगत सिंह, जितिन शर्मा भी उपस्थित रहे। ब्यूरो