दुष्कर्म कर वीडियो बना वायरल किया, गिरफ्तार
बल्लभगढ़। थाना छांयसा थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाने और इंटरनेट पर वायरल करने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। महिला ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह घरेलू सामान बेचती है। अगर कोई घर पर सामान मंगाता है तो उसके घर देकर आती है। गत दो मार्च को एक महिला कुछ सामान घर पर पहुंचाने के लिए कहकर गई। जब वह महिला के घर सामान देने पहुंची, तो घर के अंदर जाने पर महिला ने दरवाजा बंद कर दिया और उसके पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला ने उसकी वीडियो बना ली। इसके बाद व्यक्ति ने वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसके साथ गलत काम किया। इस बारे में परिवार वालों को बताने पर व्यक्ति वीडियो वायरल कर दिया। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ब्यूरो