संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को मनपसंद ट्रेड नहीं मिलने से जिले में विभिन्न आईटीआई में 50 फीसदी से अधिक सीटें रिक्त हैं। इन सीटों को भरने के लिए 8 अगस्त से ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। जो विद्यार्थी किन्हीं कारणों से अब तक दाखिला लेने से वंचित रहे हैं, उनके पास दाखिला लेने का बेहतर अवसर हो सकता है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन अगस्त तक चार चरणों में दाखिला प्रक्रिया चली। इसके बावजूद विद्यार्थियों का रुझान ऑनलाइन दाखिले के प्रति कम रहा। आईटीआई प्रबंधन की मानें तो अधिकतर विद्यार्थी इलेक्ट्रीशियन, फीटर, टर्नर जैसी ट्रेड्स में दाखिला लेना चाहते हैं, लेकिन इन ट्रेड में पहली और दूसरी मेरिट सूची में ही सीटें भर जाती हैं। इस कारण अन्य ट्रेड में सीटें रिक्त रह जाती हैं। अन्य ट्रेडों में विद्यार्थी दाखिला लेना नहीं चाहते। यही कारण है कि मेरिट सूची जारी होने के बाद भी सीटें रिक्त रह जाती हैं।
जिले के एनआईटी पांच, ओल्ड फरीदाबाद, मोहना, तिगांव, सिकरोना, पाली स्थित आईटीआई संस्थानों के विभिन्न ट्रेड में करीब 2136 से अधिक सीट हैं। संस्थान के सूत्रों की माने तो अभी तक कोर ट्रेड को छोड़कर 15 सौ से अधिक सीटें रिक्त हैं। इन सीटों को भरने के लिए अगले सप्ताह से पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दाखिला प्रकिया शुरू की जाएगी। संस्थानों में शुक्रवार को ऑनलाइन फीस जमा कराने की अंतिम तारीख थी।
वर्जन-
मनपसंद ट्रेड नहीं मिलने से आईटीआई में विद्यार्थियों का रुझान नहीं। विभिन्न ट्रेड में 50 फीसदी से अधिक सीटें रिक्त हैं। अगले सप्ताह से ऑन द स्पाट दाखिले की प्रकिया शुरू हो जाएगी।
भगत सिंह, एनआईटी पांच आईटीआई
-
आईटीआई के प्रति छात्राओं का रुझान कम है। ऐसे में अभी सीटें खाली पड़ी हैं। छात्राओं को इसके लिए जागरूक किया जा रहा है।
संतोष कुमारी, प्रधानाचार्य आईटीआई महिला