टेलीग्राम टास्क और घर बैठे कमाई का झांसा देकर कर रहे थे ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक सप्ताह में कार्रवाई करते हुए 42 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 31.63 लाख रुपये बरामद किए हैं, जबकि 163 साइबर शिकायतों का निस्तारण करते हुए पीड़ितों के 2.85 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराए हैं। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में 27 जून से 3 जुलाई के बीच साइबर थाना एनआईटी और साइबर थाना सेंट्रल की टीमों ने आठ मामलों का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान शेयर बाजार में निवेश, टेलीग्राम टास्क, ऑनलाइन ट्रेडिंग और घर बैठे मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोहों के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गौतम, लक्की कुमार, भीम सिंह, अमन कुमार, दिलखुश बिश्नोई, अरुण, शाहरुख, अंसार, सौरभ सिंह, राजीव आचार्य, बंसीलाल चौधरी, अभिषेक बंसल, अमित, रवि, यश वर्मा, राहत अंसारी, रोनी फिलिप, पैनी हैनरी पावेल, हिमांशु मंडल, शुभम, आकाश, सन्नी, शैलेन्द्र, सचिन, पंकज, वाजिद, अनिल मिश्रा, विशाल भाटिया, सिद्धांत, कपिल कश्यप, मनप्रीत सिंह, विष्णु यादव, गौरव कुमार, रेहान अहमद, रंजीत, भारती, पुष्पेंद्र मौर्य, जतिन भार्गव और प्रवीण शामिल हैं।