संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर एक युवक से 40 हजार रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।पर्वतीय कॉलोनी निवासी सिद्धार्थ ने साइबर थाना एनआईटी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 नवंबर को उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आया। आरोपी ने खुद को एक बैंक का कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए कहा। हां करने पर आरोपी ने उनसे कार्ड का फोटो मांगने के बाद एक लिंक भेजकर क्लिक करने को कहा। उन्होंने लिंक पर क्लिक करने के बाद निजी जानकारी डाल दी। कुछ देर बाद ही उनके खाते से करीब चालीस हजार रुपये निकल गए। बैंक से मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत अपने बैंक में फोन कर कार्ड ब्लाॅक करा दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।