फरीदाबाद। कोरोना रोकथाम के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। लोगों से सीधे जुड़ाव के लिए कोविड-19 कॉल सेंटर बेहद कारगर साबित हो रहा है। पिछले 28 दिन में कॉल सेंटर में 3850 लोग फोन कर अपनी जानकारियां व सूचनाएं प्राप्त की हैं। उपायुक्त यशपाल ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद 28 अप्रैल को जिला प्रशासन ने सरल केंद्र में कोविड-19 कंट्रोल रूम स्थापित किया था। इसमें टोल फ्री नंबर 1950 और पांच अतिरिक्त टेलीफोन लाइनें हैं। जिनमें 0129-2221000, 2221001, 2221002, 22210003 व 22210004 स्थापित किए गए हैं। कॉल सेंटर का नोडल अधिकारी संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकन व कोऑर्डिनेटर मुख्य वार्डन सिविल डिफेंस व विषय विशेषज्ञ आपदा प्रबंधन डॉ. एमपी सिंह को बनाया गया है। इसमें तीन शिफ्ट में कर्मचारी कार्य करते हैं और यह दिन रात खुला रहता है। अब तक लगभग 3850 लोगों की समस्याओं का समाधान कराया जा चुका है। डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के शुरुआती दौर में विवाह समारोहों की अनुमति, मूवमेंट पास व ऑक्सीजन प्राप्ति के लिए अधिकतम कॉल आती थी। बाद में रेमडेसिविर इंजेक्शन, लाइफ सेविंग ड्रग्स और वेंटिलेटर के लिए कॉल की संख्या बढ़ गई। अब अधिकतर कॉल वैक्सीन लगवाने व सरकारी मदद में आती है। डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि दुकानों को लेकर अधिकतम लोग फोन करते रहते हैं और शिकायत करते हैं कि दूसरे की दुकान खुल रही है और पुलिस वालों ने हमारी दुकान को बंद करा दिया है।