जुलाई में सबसे ज्यादा 6,763 वाहन चालकों पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सड़क पर चलते समय अचानक लेन बदलना दूसरे वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसे का कारण बनता जा रहा है। आगे चल रहा वाहन बिना संकेतक दिए अचानक दूसरी लेन में आ जाए तो पीछे से आ रहे चालक को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिलता। ऐसे में अचानक ब्रेक लगाने पर दुर्घटना की स्थिति बन जाती है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त तक बिना संकेतक लेन बदलने वाले वाहन चालकों के 36,045 चालान किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में 5,043 और फरवरी में 4,340 चालान किए गए। मार्च में 6,108, अप्रैल में 3,039, मई में 3,714 और जून में 4,434 चालान हुए। जुलाई में सबसे ज्यादा 6,763 चालान किए गए, जबकि अगस्त में 2,604 चालान दर्ज किए गए। एसएचओ अनोज कुमार ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार चालान की कार्रवाई की जा रही है।