निजी स्कूलों ने नहीं दी रिक्त सीटों की जानकारी
फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा अधिकार (134ए) के तहत योग्य छात्रों के लिए निजी स्कूलों का आवंटन स्थगित कर दिया गया है। इसका कारण निजी स्कूलों द्वारा खाली सीटों की जानकारी नहीं देना बताया गया है। मंगलवार को शिक्षा विभाग की ओर से नए आदेश जारी होने के बाद स्कूलों नोटिस लगा दिया गए। मंगलवार को निदेशालय की ओर से एक बार फिर निजी स्कूलों को चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। इसमें लिखा है कि चार से पांच दिन में सभी निजी स्कूल आरक्षित रिक्त सीटों की जानकारी दें, अन्यथा तुरंत प्रभाव से मान्यता रद्द करने के लिए कार्रवाई की जाएगी। फरीदाबाद की शिक्षा अधिकारी सतेंद्र कौर ने बताया कि कुछ स्कूलों ने अभी सीटों की जानकारी नहीं दी है। इसलिए मंगलवार को योग्य आवेदकों को दाखिले के लिए स्कूल आवंटन प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है। कई स्कूल 134ए में रुचि नहीं दिखा रहे। यही कारण है कि निदेशालय स्तर से लगातार तीसरी बार चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। निदेशालय की ओर से जल्द ही अगली तिथि की घोषणा की जाएगी। ब्यूरो