सिलिंडर फटने के मामले में कंपनी प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज
फरीदाबाद। सेक्टर-27 सी स्थित एक कंपनी में बृहस्पतिवार को ऑक्सीजन सिलिंडर फटने से कर्मचारी की मौत के मामले में थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने सेक्टर-24 में गैस सिलिंडर भरने वाली एक कंपनी के प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम के दौरान कंपनी प्रबंधकों के बीके सिविल अस्पताल नहीं पहुंचने से कर्मचारियों में खासा रोष था। परिजन शव लेकर झारखंड रवाना हो गए हैं। इस मामले में सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मूल रूप से झारखंड निवासी 38 वर्षीय निकोदिन एक्का सेक्टर-27 सी स्थित गैस सिलिंडर भरने वाली कंपनी में बतौर चालक काम करता था। बृहस्पतिवार को वह सेक्टर-27सी स्थित एक कंपनी में सिलिंडर उतारने गया था, जहां सिलिंडर फटने से उसके शव के चीथड़े उड़ गए थे। जांच अधिकारी एएसआई ताहिर हुसैन ने बताया कि सिलिंडर फटने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।