आम आदमी पार्टी के कार्यालय का शुभारंभ
फरीदाबाद। बड़खल विधानसभा में आम आदमी पार्टी कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही पार्टी नेता धर्मवीर भड़ाना ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। एनएच-3 में खोले गए पार्टी कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर दिल्ली के विधायक सहीराम पहलवान और करतार सिंह तंवर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अपने संबोधन में विधायकों ने कहा कि हरियाणा में इस बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। आप के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 2 दिसंबर को तिगांव में जिला स्तरीय रैली करने जा रहे हैं। करतार सिंह तंवर ने हाल ही में मनोज तिवारी द्वारा अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर को भाजपा द्वारा किया जा रहा सत्ता का दुरुपयोग बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के कामकाज और बढ़ती लोकप्रियता से तंग आकर भाजपा बदले की कार्रवाई कर रही है। भाजपा नेता एक एसीपी स्तर के अधिकारी तक को पीट देते हैं, मगर उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। इस मौके पर गिर्राज शर्मा, सचिन गौड़, राजूदीन, सुनील ग्रोवर, कुलदीप चावला, विजय गुर्जर और प्रवीण पंडित आदि मौजूद रहे। ब्यूरो