काले बिल्ले लगाकर कर्मचारियों ने जताया रोष
फरीदाबाद। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के बैनर तले सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने लंबित मांगों के लिए काले बिल्ले लगाकर रोष प्रकट किया। कर्मचारियों ने गेट मीटिंग में भाग लेकर आगामी 5 अगस्त को मुख्यमंत्री के करनाल आवास पर प्रदर्शन के कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया। गेट मीटिंग की अध्यक्षता वरिष्ठ उपप्रधान अतर सिंह ने की जबकि संचालन ग्राम सचिव जितेंद्र भड़ाना ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रांतीय प्रधान वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि सरकार सिंचाई विभाग के आकार को घटा रही है। नए पद सृजित करने के बजाए पहले से मंजूरशुदा पदों को समाप्त कर रही है। नहरों और पंप हाउस पर कर्मचारी नहीं है, जबकि सरकार नहर के अंतिम टेल तक पानी पहुंचाने की बात करती है। प्रदर्शन को चेयरमैन हुकुमचंद, रमेश वर्मा, लिपिक एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र नागर, सचिव हरीश नागपाल, वित्त सचिव पूर्ण दहिया, मेकेनिकल ब्रांच के प्रधान भूप सिंह और जगदीश चंद्र इत्यादि ने भी संबोधित किया। ब्यूरो