फरीदाबाद। सेक्टर-33 स्थित विद्युत मंत्रालय के राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई) में नए साल पर अनिवार्य फाउंडेशन कोर्स के 30वें बैच का उद्घाटन किया गया। इस दौरान ऊर्जा मंत्रालय की ओर से सेंट्रल पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग के तहत आने वाले पीएफसी, ग्रिड-इंडिया और एनएचपीसी के 100 से अधिक नए कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी के ग्रिड ऑपरेशन और डिस्ट्रीब्यूशन के सदस्य एवं एनपीटीआई के महानिदेशक हेमंत जैन उपस्थित रहे। एनपीटीआई की ओर से आयोजित यह तीन सप्ताह का फाउंडेशन कोर्स भारतीय पावर सेक्टर का व्यापक अवलोकन प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। 30वें बैच में समग्र विकास के उद्देश्य से विशेष विशेषज्ञ व्याख्यानों और आकर्षक कार्यक्रमों की एक सोच-समझकर तैयार की गई श्रृंखला को शामिल किया गया है। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एनपीटीआई के महानिदेशक हेमंत जैन ने भारत के पावर सेक्टर को मजबूत करने में ईमानदारी, निरंतर सीखने और लोगों पर केंद्रित दृष्टिकोण के महत्व पर जोर दिया। संवाद