जिले में 30 नए संक्रमित, 76 स्वस्थ
फरीदाबाद। साल का अंतिम दिन कोरोना सक्रमण के मामले को लेकर काफी सुखद रहा। बृहस्पतिवार को कोरोना सक्रमण के 30 नए मामले आए, जबकि 76 मरीज कोरोना से मुक्त हो गए। जिले में कोरोना सक्रिय मामलों की दर एक फीसदी से भी कम रह गई है। अब केवल 0.7 फीसदी ही सक्रिय मामले बचे हैं। वहीं तीन दिनों से एक भी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भगत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 402 संक्रमितों की मौत हुई है। वहीं 45498 लोग संक्रमित हुए हैं और इनमें से 44814 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब केवल 282 सक्रिय मामले बचे हैं। इसके अलावा गंभीर संक्रमितों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। अस्पतालों में अब केवल 92 मरीज है। वहीं 18 संक्रमितों की हालत गंभीर हालत में है और महज एक ही मरीज वेंटिलेटर पर है। रिकवरी रेट 98.5 फीसदी हो गया है। ब्यूरो