फरीदाबाद। पुलिस की सेंट्रल जोन साइबर सेल ने जुलाई में जिले से गुम हुए 30 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 4.75 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल उषा के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी मुख्य सिपाही राकेश कुमार, सिपाही कपिल और योगेश की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार टीम ने भारत सरकार के सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल, अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय और तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया। 13 अगस्त को पुलिस उपायुक्त ने सभी मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। संवाद