कट्टा, तीन कारतूस, तीन मोबाइल, बाइक और 6700 रुपये बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक ही रात में लूटपाट की तीन वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कट्टा, तीन कारतूस, तीन मोबाइल, बाइक और 6700 रुपये बरामद किए गए हैं।
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान यूपी के अलीगढ़ के टप्पल निवासी अतुल, अतुल कुमार व सौरभ के रूप में हुई है। आरोपी अतुल अपने मौसा के पास एनआईटी में रहकर सफाई का काम करता है। आरोपियों ने अवैध हथियारों के बल पर एक ही रात में लूट की 3 वारदातों को अंजाम दिया था। क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी अतुल को सेक्टर-21 से कट्टे सहित गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। आरोपी से पूछताछ में लूट, स्नेचिंग व अवैध हथियार की तीन वारदात का खुलासा हुआ। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अतुल कुमार व सौरभ को नवादा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि अतुल और अतुल कुमार एक ही गांव के रहने वाले हैं। सौरभ आरोपी अतुल का जीजा है। आरोपियों ने अपने साथी चंद्रशेखर के साथ मिलकर 23/24 जुलाई की रात को लूट व स्नेचिंग की तीन वारदात को अंजाम दिया था। इसमें से एक वारदात में गांव दयालपुर बल्लभगढ़ में एक व्यक्ति से एक मोटरसाइकिल तथा मोबाइल छीना था। दूसरी वारदात में डबुआ पाली रोड पर खड़े एक कैंटर चालक से फोन और सिक्योरिटी गार्ड से मोबाइल व नकदी छीन ली थी। तीसरे मामले में गांव झाड़सेंतली में ट्रक चालक व सहायक से मोबाइल व नकदी लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सभी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
लूट के बाद गांव गए एक आरोपी की हत्या कर दी थी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चंद्रशेखर वारदात को अंजाम देने के बाद गांव जेवर चला गया था। यहां उसका झगड़ा अपने चचेरे भाइयों के साथ हो गया। झगडे़ के दौरान चचेरे भाइयों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी अतुल से पूछताछ में सामने आया कि विपनी उर्फ रॉकी नाम के लड़के से 7000 रुपये में कट्टा खरीदकर लाया था। आरोपी रॉकी को क्राइम ब्रांच टीम ने हामदपुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। पुलिस ने रॉकी को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया था।