बीकॉम, बीए और बीबीए कोर्स में सबसे अधिक आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले के कॉलेजों में स्नातक कोर्स में 10362 सीटाें के लिए 24625 आवेदन प्राप्त हुए। सबसे अधिक आवेदन बीकाॅम, बीए और बीबीए कोर्स के लिए प्राप्त हुए। इन तीनों कोर्स की मेरिट सूची हाई रहने की उम्मीद है। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से अब 12 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। इस सूची में शामिल होने वाले छात्र 13 से 16 जुलाई के दौरान फीस का भुगतान कर दाखिला ले सकते हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से 17 जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके लिए आवेदन की अंतिम तारीख 28 जून रखी गई थी। इसके बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने अंतिम तिथि को बढ़ाकर सात जुलाई कर दिया था। छह जुलाई को अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 जुलाई कर दी गई थी। उच्चतर शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सोमवार को आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो गई। पहली सूची में शामिल होने वाले छात्र यदि दाखिला नहीं लेते हैं, तो फिर उन्हें प्राथमिकता सूची में शामिल किया जाएगा। वहीं 21 जुलाई से कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएंगी। राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. नरेंद्र कुमार ने कहा कि 12 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी होगी। बीए, बीकाम और बीबीए कोर्स की मेरिट लिस्ट हाई रहेगी। इन कोर्स के लिए पांच हजार से ज्यादा आवेदन मिले हैं।