सुबह-सुबह शेड्यूल बनाकर करें बोर्ड परीक्षा की तैयारी
फरीदाबाद। बोर्ड परीक्षा का फीवर विद्यार्थियों के पसीने न छुड़ाए इसके लिए बीके सिविल अस्पताल के मनोरोग विशेषज्ञ डा. धर्मबीर नेहरा ने कुछ खास टिप्स दिए हैं। डा. नेहरा बताते हैं कि विद्यार्थी अपने सामर्थ्य को समझते हुए परीक्षा शेड्यूल तैयार करें, यह काफी मददगार होगा। डा. धर्मबीर बताते हैं कि कक्षा दस और बारह के विद्यार्थियों को परीक्षा में सबसे ज्यादा तनाव होता है। इन विद्यार्थियों को परीक्षा सिलेबस के अनुसार शेड्यूल बनाना चाहिए। विद्यार्थियों को अपना कमजोर पहलू (वीक प्वाइंट) पता होता है। यह पहलू उत्तर लिखने में देरी हो सकता है, या फिर किसी विषय पर कमजोर पकड़। मनोरोग विशेषज्ञ का कहना है कि तनाव से बचने के लिए विद्यार्थियों को सुबह पांच से आठ और रात को 11 बजे के बाद पढ़ाई नहीं करनी चाहिए। पूरी नींद के बाद परीक्षा पाठ्यक्रम को तीन से चार बार दोहरा लें। डा. नेहरा बताते हैं कि परीक्षा से कुछ दिन पहले कुछ नया पढ़ने का प्रयास भी तनाव बढ़ा देता है। इससे बेहतर है कि जो पढ़ा है उसकी पकड़ रिवीजन(अभ्यास) से पक्की कर लें। इससे तनाव की बजाय विद्यार्थी आत्मविश्वास महसूस करेगा।