वरिष्ठ विद्यार्थियों को दी विदाई पार्टी
फरीदाबाद। सेंट कोलंबस स्कूल में कक्षा-11 के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ कक्षा-12 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष ऋषि चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने ईश वंदना प्रस्तुत की। अध्यापिकाओं द्वारा कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों का रोली चंदन से अभिषेक कर उनका स्वागत किया। समारोह में हेड बॉय आयुष झा व हेड गर्ल आयुषी श्रीवास्तव ने अपने-अपने विचारों के माध्यम से कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों का स्वागत किया। इसी के साथ-साथ कक्षा बारहवीं की छात्रा कृतिका बिधूड़ी ने स्वरचित कविता का पाठ किया। इस कविता में सहपाठियों के स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना के साथ-साथ उनकी व्यवहारगत विशेषताएं भी शामिल रहीं। ब्यूरो