खुले नाले में फंसी स्कूली वैन, बाल-बाल बचे बच्चे
बल्लभगढ़। प्रशासन की लापरवाही के कारण बृहस्पतिवार सुभाष कॉलोनी में बड़ा हादसा उस समय टल गया। जब एक निजी प्ले स्कूल की मारुति वैन खुले नाले में फंस गई। बारिश का पानी जमा होने के कारण वैन चालक को नाले का अंदाजा नहीं लगा। वैन को फंसता देख कॉलोनी के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वैन को सीधा कराया और बच्चों को समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया। बहरहाल, एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चावला कॉलोनी स्थित एक निजी प्ले स्कूल की वैन में गुरुवार को करीब डेढ़ दर्जन बच्चे थे। वैन में मौजूद इन बच्चों को छोड़ने के लिए सुभाष कॉलोनी में गई थी। गुरुवार को सुबह से बारिश होने के कारण सुभाष कॉलोनी में हिंदू हाईस्कूल के पास पानी अधिक भर गया। इधर, बच्चों से भरी वैन स्कूल के पास कॉलोनी के बच्चों को छोड़ने के लिए गई थी, तभी यह वैन एक खुले नाले में फंसते हुए टेढ़ी हो गई, लेकिन वह पलटी नहीं थी। इधर, कॉलोनी के लोगों ने वैन को टेढ़ा होता देखा और वह वैन की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने पहले वैन को सीधा किया और पानी में खड़े होकर वैन से बच्चों को निकालना शुरू किया। इस तरह वैन में सवार सभी बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।