धमाके कर तोड़े जा रहे अरावली पहाड़: पाराशर
फरीदाबाद। न्यायिक संघर्ष समिति के चेयरमैन एडवोकेट एलएन पाराशर ने गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर मांगर चौक से पहले स्थित एक घाटी में पहाड़ का अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाया। उनके अनुसार स्थानीय लोगों ने उन्हें सूचना दी थी कि रात्रि के समय इलाके में धमाकों की आवाज आती है। इस पर उन्होंने शनिवार को क्षेत्र का दौरा किया। आरोप हैं कि फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर मांगर चौक से करीब 50 मीटर दूर बड़ा पहाड़ ब्लास्ट कर खत्म किया जा रहा है। पहाड़ में बने गड्ढे और पत्थरों को देख कर लगता है कि यह ताजे ब्लास्ट से ही टूटे हैं। उन्होंने खनन विभाग की मिलीभगत से बड़े माफिया द्वारा अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अरावली क्षेत्र में अब गिने चुने पहाड़ बचे हैं, सैकड़ों छोटे-बड़े पहाड़ माफिया ने उड़ा दिए, अब जो पहाड़ बचे हैं उन्हें भी ब्लास्ट कर उड़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अरावली में अवैध निर्माण की तरह ही अवैध खनन की शिकायत भी वह जल्द ही सर्वोच्च न्यायालय में करेंगे। ब्यूरो