- मैन पावर सप्लाई करने के नाम पर पीड़ित को झांसे में लिया था
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेना से रिटायर्ड अधिकारी को फर्म खोलने के नाम पर ठगाें ने झांसे में लिया और 18.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने पीड़ित को फर्म के माध्यम से कंपनियों में मैनपावर सप्लाई करने की योजना बताई थी। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बल्लभगढ़ निवासी पीड़ित सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेना से रिटायर्ड हैं। साल-2019 को उनसे ग्रीन फील्ड निवासी एक दंपती मिले और एक फर्म खोलने की बात कही। आरोपियों ने कहा कि फर्म के माध्यम से कंपनियों में मैनपावर सप्लाई का काम करने में मोटा मुनाफा है। बुजुर्ग उनकी बातों में आ गए। इसके बाद आरोपियों ने उनकी मुलाकात अन्य सात-8 लोगों से कराई। आरोप है कि सभी ने मिलकर उनकी एक फर्म खुलवा दी। इसके बाद आरोपियों की कंपनी में मैनपावर सप्लाई करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने कर्मचारियों को वेतन देने के नाम पर उनसे 18.50 लाख रुपये ठग लिए। वापस पैसा मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।