राजकीय विद्यालय में किया गया पौधरोपण
फरीदाबाद। शिक्षा विभाग के निर्देश पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला ऐतमादपुर व राजकीय माध्यमिक विद्यालय ऐतमादपुर फरीदाबाद में पौधरोपण किया गया। डाइट पाली की वरिष्ठ प्रवक्ता सीमा शर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस पौधरोपण कार्यक्रम में अध्यापक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला ऐतमादपुर के प्रभारी मुख्य शिक्षक चतर सिंह ने बच्चों को पौधों की सुरक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे लिए बहुत आवश्यक हैं। डाइट पाली की वरिष्ठ प्रवक्ता सीमा शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार है। इनके बिना मानव जीवन के अस्तित्व की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रिंसिपल एसके मिश्रा, चंद्रपाल, हरिओम, अनुराधा, खुशवंत और गीता ने भी सहयोग दिया। ब्यूरो