कलेक्शन एजेंट पर हमला कर 1.64 लाख लूटे
सोहना रोड पर बाइक रोककर दिया वारदात को अंजाम
फरीदाबाद। बाइक सवार युवकों ने सोहना रोड पर कलेक्शन एजेंट पर हमला कर 1.64 लाख रुपये लूट लिए। जानकारी मिलने पर परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपी को तलाश रही है।
समयपुर गांव निवासी तेजपाल ने शिकायत में बताया कि वह पूरन सिंह मनी ट्रांसफर ऑफिस में काम करता है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह संजय कॉलोनी स्थित फ्लिपकार्ट गोदाम से नकदी लेने गया था। वहां से 1.64 लाख रुपये लेकर सेक्टर-55 स्थित बैंक में जमा करने जा रहा था। सोहना रोड स्थित कैला देवी ट्रेडर्स के पास बाइक सवार तीन युवकों ने तेजपाल उसे घेर लिया। एक युवक ने उसके सिर पर रॉड मारकर घायल कर दिया, जबकि दूसरा युवक तेजपाल के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन भाग गया। तेजपाल ने फोन कर इसकी जानकारी छोटे भाई महेश को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। संवाद