पलवली हत्याकांड के एक आरोपी की मौत
फरीदाबाद। पिछले साल सितंबर में गांव पलवली में हुई पांच लोगों की हत्या के एक मामले एक आरोपी नंदकिशोर (60) की बीमारी के चलते मौत हो गई। 16 मार्च को जेल में ही तबियत बिगड़ने पर आरोपी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसएचओ खेड़ी पुल राकेश मलिक ने बताया कि पलवली गांव में हुए हत्याकांड के मामले में 27 लोगों को आरोपी बनाया गया था। यह सभी आरोपी नीमका जेल में हैं। इनमें से नंदकिशोर की हालत 16 मार्च को बिगड़ गई थी। जेल प्रशासन द्वारा उसे बीके अस्पताल लाया गया था। हालांकि उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया था। तभी से उसका सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार को इलाज के दौरान ही उसकी मृत्यु हो गई। ब्यूरो