सिलेंडर में लगी आग, बाल-बाल बची महिला
फरीदाबाद। सेक्टर-55 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक मकान में बुधवार दोपहर को अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई और फिर जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। आग लगने ही घर में मौजूद महिला भाग कर बाहर आ गई थी, जिससे वह बाल-बाल बच गई। सिलेंडर फटने से घर में काफी नुकसान हुआ है। सेक्टर-55 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी संतोष बुधवार सुबह अपने काम पर चला गया था और बच्चे स्कूल गए हुए थे। घर में केवल उनकी पत्नी सुमन थी। दोपहर को सुमन खाना बनाने की तैयारी करने लगी। उसने जैसे ही गैस जलाया, अचानक गैस लीक होने लगी और सिलेंडर ने आग पकड़ ली। सिलेंडर में आग लगते ही सुमन घर से बाहर आ गई और चिल्लाने लगी। इस पर आसपड़ोस के लोग भी जमा हो गए और घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। मगर जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर आती, सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इससे घर में काफी नुकसान हुआ। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने सिलेंडर से लगी आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। ब्यूरो