मच्छरजनित रोगों से विद्यार्थियों को किया जागरूक
फरीदाबाद। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा में प्राचार्या नीलम कौशिक की अध्यक्षता में जूनियर रेडक्रास, एंबुलेंस ब्रिगेड के सौजन्य से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यालय के जूनियर रेडक्रास और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड प्रभारी एवं इंग्लिश प्रवक्ता रविंदर कुमार मनचंदा ने डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया आदि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए पोस्टर बनाओ कार्यक्रम का संयोजन किया। बच्चों ने पोस्टर के माध्यम से ठहरे हुए जल में पैदा होने वाले मच्छरों से बचाव का संदेश दिया। इंग्लिश प्रवक्ता ने बच्चों को बताया कि बारिश के मौसम में जगह-जगह ठहरे जल से मच्छरों को पनपने का अनुकूल अवसर मिलता है। इसलिए विशेष ध्यान देने की जरूरत है। प्राचार्या नीलम कौशिक ने पोस्टर बनाने वाले बच्चों आदिल, प्रीति, रिमझिम, नजमा, शीतल, स्मृति बच्चों को शुभकामनाएं दीं। ब्यूरो