- पहले से तीसरे स्थान पर कुल छह विद्यार्थी, इसमें पांच छात्राएं शामिल हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा में एमबीएल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अटाली के अमन और न्यू हेवन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल तिरखा कॉलोनी की क्षितिज कुमारी ने 491 अंक लेकर जिले में संयुक्त रूप से पहला स्थान पाया है। रिजल्ट आते ही स्कूल के शिक्षकों समेत अन्य ने उन्हें बधाई दी। जिले में पहले से तीसरे स्थान पर कुल छह विद्यार्थी हैं। इसमें पांच छात्राएं शामिल हैं।
दिव्यांग किसान के बेटे से किया टॉप, सीए बनने का सपना
बल्लभगढ़। गांव साहुपुरा निवासी काॅमर्स के छात्र अमन ने 12वीं में 491 अंक पाए हैं। उनके पिता सुदेश दिव्यांग हैं और किसान हैं। मां बबीता गृहिणी हैं। अमन के अलावा उनकी दो छोटी बहनें हैं। अमन ने बताया कि वह भविष्य में सीए बनना चाहते हैं। उनका कहना है कि इस कामयाबी के पीछे स्कूल के चेयरमैन सुभाष चौधरी, डायरेक्टर मुकेश कुमार, प्रिसिंपल महेश बंसल का सहयोग रहा है। प्रिसिंपल ने बताया कि अमन मेधावी छात्र रहा है। अमन को प्रदेश स्तर पर टॉप करने की उम्मीद थी। स्कूल में कई छात्रों का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है। पिता सुदेश ने बेटे के प्रदर्शन पर खुशी जताई है। बेटे के अच्छा प्रदर्शन पर रिश्तेदारों समेत अन्य के बधाई देने के लिए फोन आने लगे। अमन ने बताया कि पढ़ाई में स्कूल के टीचरों का पूरा योगदान मिला। वह एमबीएल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गांव अटाली के छात्र हैं।
-
स्कोर कार्ड :- 491/500
विषयवार प्राप्त अंक:- अंग्रेजी - 93, बिजनेस- 100, अकाउंट - 100, अर्थशास्त्र- 100, हिंदी- 98
आईएएस अफसर बनाना चाहती हैं क्षितिज कुमारी
तिरखा कॉलोनी निवासी क्षितिज कुमारी ने 12वीं में 491 (आर्ट) अंक प्राप्त कर जिले में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। पिता शेष नाथ भगत निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वहीं मां सभापति देवी गृहिणी हैं। क्षितिज ने बताया कि वह यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस अफसर बनना चाहती हैं। उनकी बड़ी बहन अकाउंट हैं। वहीं, उनका बड़ा भाई साल 2021 में यूपीएससी की परीक्षा पास कर चुका है। वह भी भाई की तरह यूपीएससी की तैयारी करेंगी। उनका कहना है कि पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखी। पढ़ाई में घर के साथ टीचरों का पूरा योगदान मिला। इससे तैयारी करने का अच्छा माहौल मिला। क्षितिज कुमारी न्यू हेवन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल तिरखा कॉलोनी की छात्रा हैं।
स्कोर कार्ड :- 491, कुल अंक 500
विषयवार प्राप्त अंक:- अंग्रेजी - 98, राजनीति शास्त्र- 99, इतिहास - 100, अर्थशास्त्र- 100, हिंदी- 94
तैयारी में सभी का साथ मिला-
तिगांव निवासी छात्रा अंजलि ने 489 अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। अंजलि ने 12वीं कक्षा कॉमर्स से पास की है। अंजलि के पिता योगेश नागर पूर्व सैनिक हैं। वहीं, अंजलि की मां कुंटेश देवी गृहिणी हैं। अंजलि का कहना है कि उन्होंने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट दिया है। टेस्ट का रिजल्ट आने के बाद ही तय करेंगी कि भविष्य में क्या करना है। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान आठ घंटे तक पढ़ाई की। और अच्छे नंबर आने की उम्मीद थी लेकिन उम्मीद से कम आए। स्कूल ने उन्हें अच्छे नंबर के लिए बधाई दी है। वह सरस्वती शिशु सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल गांव तिगांव की छात्रा हैं।
स्कोर कार्ड :- 489, कुल अंक 500
विषयवार प्राप्त अंक:- अंग्रेजी - 97, बिजनेस- 99, अकाउंट - 98, इकोनॉमिक्स- 97, हिंदी- 99
सीए बनना चाहती हैं राशि-
एनआईटी निवासी राशि 12वीं में 484 अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। पिता ओमबीर उन्हीं के स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनकी माता पुष्पा का कुछ समय पहले देहांत हो चुका है। उनका कहना है कि भविष्य में चार्टर्ड एकाउंटेंट बनाना चाहती हैं। परीक्षा के दौरान टीचरों ने पूरा सहयोग किया। टाइम टेबल बनाकर तैयारी की थी। हालांकि नंबर और आने चाहिए थे लेकिन कम आए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल के टीचरों और रिश्तेदारों ने बधाई दी है। राशि, अग्रवाल मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल नांगलारोड एनआईटी की छात्रा हैं।
-
स्कोर कार्ड :- 484, कुल अंक 500
विषयवार प्राप्त अंक:- अंग्रेजी - 94, बिजनेस- 97, अकाउंट - 98, गणित- 97, हिंदी- 98
-
बड़ों का मार्गदर्शन काम आया -माही शर्मा
गांव जुनहेड़ा निवासी माही शर्मा कॉमर्स वर्ग में 484 अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। पिता प्रदीप कुमार नगर निगम में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, मां कमलेश कुमारी गृहिणी हैं। माही शर्मा डीयू से स्नातक करने की तैयारी में हैं। उन्होंने बताया कि मन मुताबिक नंबर आए हैं। शिक्षकों का पूरा योगदान मिला। वह चार-पांच घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं। इसमें परिवार का भी पूरा सहयोग मिला। वह सर वीबी पब्लिक स्कूल, गांव साहुपुरा की छात्रा हैं।
स्कोर कार्ड :- 484, कुल अंक 500
विषयवार प्राप्त अंक:- अंग्रेजी - 96, बिजनेस- 99, अकाउंट - 100, इकोनॉमिक्स- 97, हिंदी- 92
-
आईएएस बनना चाहती हैं याशिका
बल्लभगढ़ निवासी याशिका आर्ट्स वर्ग विषय संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। उनके पिता ज्ञानचंद निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी मां हेमलता गृहिणी हैं। याशिका का कहना है कि यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस अफसर बनना चाहती हैं, इसलिए अब वह सिर्फ यूपीएससी की तैयारी करेंगी। याशिका ने बताया कि कड़ी मेहनत से सबकुछ संभव है। परिजनों के सहयोग से एकाग्र होकर मेहनत के साथ पढ़ाई की। याशिका अग्रवाल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बल्लभगढ़ की छात्रा हैं।
स्कोर कार्ड :- 484 कुल अंक 500
विषयवार प्राप्त अंक:- अंग्रेजी - 90, इतिहास- 98, गृह विज्ञान - 99, राजनीति - 100, हिंदी- 97