आयुष्मान कार्ड से 12000 लोगों ने कराया 13 करोड़ का इलाज
- 31 अस्पतालों में मिल रहा लाभ, 96 हजार लोगों के बन चुके कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जिले के करीब 12000 लोगों को 13 करोड़ रुपये का इलाज मिला है। आयुष्मान के पैनल पर जिले में करीब 31 निजी व सरकारी अस्पताल है। वहीं योजना के तहत 96 हजार लोगों के कार्ड बने हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना का शहर के 12000 से ज्यादा लोगों ने लाभ लिया है। इस योजना के तहत अब भी कार्ड बनाए जा रहे हैं। अस्पताल में दाखिले व इलाज का सारा खर्च सरकार उठाती है। लाभ लेने वालों में सबसे ज्यादा आंख और दिल के मरीजों की संख्या है। अब सरकार ने आयुष्मान योजना को चिरायु योजना में शामिल कर लिया है। इसके तहत दोनों में 6 लाख लोग शामिल हैं। जिसमें से 3.45 लाख के कार्ड अभी तक बने हैं। इस योजना में अपेंडिक्स, पॉइजनिंग, हर्निया सहित 157 गंभीर बीमारियों का इलाज निजी अस्पतालों में किया जा रहा है। आयुष्मान के पैनल पर करीब 25 निजी व 6 सरकारी अस्पताल हैं।
-
ताकि लोग हो सके जागरूक
आयुष्मान के नोडल अधिकारी डॉ. विशाल सक्सेना के मुताबिक सभी कॉमन सर्विस सेंटरों पर लोगों को आयुष्मान व चिरायु से संबंधित जानकारी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों व कॉलोनी में विभाग की ओर से शिविर लगाकर जागरूक किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन कार्ड बनवाने तथा इस संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए 100 लोग पहुंचते हैं।